रायपुर 30 जुलाई 2026। बंगाल और ओडिशा के ऊपर बने सिस्टम का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, विभाग का कहना है कि 31 जुलाई से बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक असर रायपुर संभाग में देखने को मिला, जबकि सरगुजा, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस बीच गरियाबंद जिले में लगातार बारिश के कारण सुहागपुर गौठान बाढ़ के पानी से चारों ओर से घिर गया। यहां एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों, जिनकी उम्र 5, 3 और 2 वर्ष है…समेत पूरा परिवार करीब चार घंटे तक फंसा रहा।
सूचना मिलने पर नगर सेना की टीम ने देर रात रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि गौठान में मौजूद करीब 300 गायें अब भी पानी से घिरी हुई हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने की तैयारी की जा रही है। उधर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से भी दुखद खबर सामने आई है। लाट नाले में चार दिन पहले बहे उप सरपंच और उनकी पत्नी के शव बुधवार को बरामद किए गए। दोनों 26 जुलाई को कार से उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी तेज बहाव में बह गए थे।
तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर चिखली गांव के पास उनकी कार मिली, जिसके भीतर दोनों के शव बरामद हुए। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और प्रशासन की ओर से जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।















