नारायणपुर 30 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात लगातार चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसी बीच नारायणपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने एक बार फिर उफनते नालों के खतरे की गंभीरता को उजागर कर दिया। बताया जा रहा है कि नारायणपुर के ब्रेहबेड़ा नाले में पुलिस की एक सरकारी बोलेरो तेज बहाव के बीच फंस गई। वाहन में दो पुलिस अधिकारी और चालक सवार थे, जिन्हे रेस्क्यू कर सुरक्षित बचाया गया।
जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार की बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि बोलेरो जीप में पुलिस के दो अधिकारी और चालक भारी बारिश के बीच रवाना हुए थे। लगातार हो रही बारिश के दौरान क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर थे। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों की जीत नारायणपुर के ब्रेहबेड़ा नाले में तेज बहाव के बीच फंस गई। जान बचाने के लिए चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकला और पास के एक पेड़ पर चढ़ गया, जबकि दोनों अधिकारी बोलेरो में ही फंसे रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन काफी मशक्कत के बाद दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन पूरे घटनाक्रम की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। हालांकि इस घटना ने बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने के जोखिम को फिर सामने ला दिया है। लगातार बारिश के कारण नारायणपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले खतरे के निशान पर बह रहे हैं। कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें तथा खराब मौसम के दौरान केवल सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी है।















