अटल परिसर प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितता: भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की सीएमओ की बर्खास्तगी और उच्चस्तरीय जांच की मांग

Must Read

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कटघोरा नगर पालिका परिषद के अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के निर्माण एवं ‘ब्रॉन्ज’ सामग्री की खरीदी में कथित वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल बर्खास्त कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।
गोपाल मोदी ने शिकायत पत्र में कहा कि विभिन्न समाचार माध्यमों एवं जनसामान्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार अटल परिसर में ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किए गए निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। उनका आरोप है कि प्रतिमा निर्माण में ब्रॉन्ज के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री अथवा कंक्रीट का उपयोग किया गया, जबकि भुगतान ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किया गया। इस पूरे प्रकरण में लगभग ₹13.60 लाख की वित्तीय अनियमितता होने की आशंका जताई गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या ठेकेदार सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का साहस न कर सके।
गोपाल मोदी ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही प्रतिमा निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता एवं उपयोग की गई सामग्री की विशेषज्ञों से जांच, भुगतान प्रक्रिया, निविदा, मापन पुस्तिका (एम.बी.), बिल, वाउचर एवं अन्य अभिलेखों की विस्तृत वित्तीय जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की पक्षधर रही है। जनहित और शासन की साख बनाए रखने के लिए इस गंभीर मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।

- Advertisement -
Latest News

शोक समाचार : पत्रकार धीरज दुबे को पितृ शोक,आज शाम 3:30 बजे अंतिम यात्रा

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब के सदस्य, पत्रकार धीरज दुबे के पिता श्री सत्यनारायण दुबे, उम्र लगभग 61 वर्ष का...

More Articles Like This