कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के नवीन जिला कार्यालय के भूमिपूजन अवसर पर मीडिया से संवाद सह भेंटवार्ता कार्यक्रम का आयोजन प्रेस क्लब, तिलक भवन, टी.पी. नगर, कोरबा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग के सह प्रभारी डॉ. श्री राजीव सिंह एवं युवा मोर्चा जिला महामंत्री श्री नरेंद्र देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए भाजपा जिला कोरबा द्वारा एक भव्य, आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त जिला कार्यालय के निर्माण की ऐतिहासिक पहल की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि कोरबा जिले के नवीन भाजपा जिला कार्यालय का नाम “अटल स्मृति भवन” रखा जाएगा, जो भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, मूल्यों और राष्ट्रसेवा के आदर्शों का प्रतीक होगा।
श्री मोदी ने बताया कि यह नया जिला कार्यालय लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर निर्मित किया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन दूर-दराज़ से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श और जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व में भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन 16 जनवरी 1991 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष श्री लखीराम अग्रवाल के कर-कमलों से हुआ था, जबकि उसका लोकार्पण 24 मार्च 1993 को स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा किया गया था।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित अटल स्मृति भवन केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संस्कार और “राष्ट्र प्रथम” की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला एक वैचारिक केंद्र बनेगा।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, श्री अशोक चावलानी, एमआईसी सदस्य श्री हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विकास अग्रवाल, जिला महामंत्री श्री संजय शर्मा, श्री अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष श्री अजय पांडेय सहित जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकार, भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।















