रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी कि 1 जुलाई 2026 से विकसित भारत-जी-राम (VB-GRAM) योजना पूरे देश में लागू कर दी गई है। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों को एक वर्ष में 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, पहले मनरेगा के तहत मिलने वाली ₹261 प्रतिदिन की मजदूरी बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दी गई है, जिससे ग्रामीण श्रमिकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 318 प्रकार के विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना का विकास, आजीविका संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित भारत-जी-राम (VB-GRAM) योजना ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और गांवों की आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।















