कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनपुर में जादू-टोना के शक में एक नाबालिग ने बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब महिला अपने घर में सो रही थी। आरोपी ने धारदार हथियार से महिला के सिर और कंधे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसे बुजुर्ग महिला पर जादू-टोना करने का शक था, जिसके चलते उसने हमला किया।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं आरोपी के पिता ने भी घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के पीछे के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।















