नई दिल्ली 25 मई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके को कांग्रेस ने जब से समर्थन दिया है तब से डीएमके और देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के बीच दरार पैदा हो गई है। विजय को दिए समर्थन को लेकर उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस पर तंज कसा तो अब पार्टी नेता मणिकम टैगोर ने पलटवार किया है। टैगोर ने कहा, कांग्रेस मुश्किल समय में डीएमके के साथ खड़ी रही। जब वे अल्पमत में थे तब हम बाहर इंतजार करते रहे। उदयनिधि के शब्द अस्वीकार हैं। टैगोर ने दावा किया कि कांग्रेस का डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस से अलग होकर सुपरस्टार अभिनेता विजय की पार्टी के साथ गठबंधन करने का फैसला असल में बीजेपी को इस दक्षिणी राज्य में अपनी पैठ बनाने से रोकने के लिए लिया गया था।
कांग्रेस नेता ने कहा, कांग्रेस हमेशा धर्मनिरपेक्ष गठबंधन के साथ खड़ी रही है (लेकिन) भारतीय जनता पार्टी डीएमके और एआईएडीएमके के बीच संपर्क साधने की कोशिश कर रही थी… जो हमारे सिद्धांतों के खिलाफ है। बीजेपी के साथ किसी भी तरह की सहमति कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। टैगोर ने यह पलटवार तब किया जब उदयनिधि स्टालिन ने यह घोषणा की कि डीएमके अब कांग्रेस पर कभी भरोसा नहीं करेगी और यह भी कहा कि इस पार्टी के नेताओं में बुनियादी कृतज्ञता और शालीनता की कमी है। डीएमके नेता ने कहा था, कांग्रेस को पांच सीटें मिलने की वजह डीएमके के कार्यकर्ता थे। लोगों ने उन्हें इसलिए वोट दिया, क्योंकि वे एमके स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे। लेकिन आज कुछ पदों के लिए वे हमें बिना बताए ही भाग खड़े हुए। हमें उन्हें (कांग्रेस को) कभी भी अपने पास फटकने भी नहीं देना चाहिए।
Must Read
- Advertisement -















