आदिवासियों की जमीन कब्जाने की कोशिश के खिलाफ किसान सभा का प्रदर्शन, प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन,देखिए विडिओ

Must Read

कोरबा, 8 मई। कोरबा जिले के भैसमा तहसील अंतर्गत ग्राम पतरापाली में आदिवासी किसानों की जमीन पर कथित बेनामी खरीद के जरिए कब्जा करने की कोशिशों के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। तानसेन चौक से रैली निकालकर जिलाधीश कार्यालय पहुंचे किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जमीन की सुरक्षा की मांग की।


प्रदर्शन का नेतृत्व छत्तीसगढ़ किसान सभा (CGKS) ने किया, जो अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध संगठन है। किसानों की समस्याएं सुनने पहुंचे डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव में शिविर लगाकर शिकायतों की जांच की जाएगी और भूमि स्वामित्व संबंधी विवादों का निराकरण किया जाएगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले एक माह से कुछ बाहरी लोग गांव में पहुंचकर उनकी कृषि भूमि को अपना बता रहे हैं। वे कथित रजिस्ट्री दस्तावेज दिखाकर किसानों पर जमीन खाली करने का दबाव बना रहे हैं तथा बेदखली की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे इन लोगों को पहचानते तक नहीं हैं और पीढ़ियों से उन्हीं जमीनों पर खेती करते आ रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि कथित खरीदी वर्ष 1990 के आसपास की बताई जा रही है, जबकि जमीन पर आज भी मूल आदिवासी परिवार ही काबिज हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एक मामले में गैर-आदिवासी व्यक्ति ने मंगल सिंह और भूखन लाल नामक दो भाइयों की जमीन पर कब्जा कर घेराबंदी कर ली है, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल है।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के संयुक्त सचिव प्रशांत झा, जिला सचिव दीपक साहू तथा सीटू के राज्य महासचिव एस.एन. बनर्जी ने कहा कि इससे पहले भी वर्ष 1999 में इसी प्रकार के एक मामले में न्यायालय ने आदिवासी पक्ष में फैसला सुनाया था और गैरकानूनी भूमि अंतरण को निरस्त किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आदिवासी जमीनों के फर्जी और बेनामी सौदे किए गए हैं, जो कानूनन अवैध हैं।
किसान सभा और सीटू ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने आदिवासी किसानों के पक्ष में ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठनों ने मांग की कि पतरापाली सहित आसपास के गांवों में विशेष शिविर लगाकर वास्तविक भूमि स्वामित्व का सत्यापन कराया जाए।

- Advertisement -
Latest News

सक्ती: 20 हजार की रिश्वत लेते चंद्रपुर थाने का ASI गिरफ्तार, ACB बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई,देखिए विडिओ

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एसीबी (ACB) बिलासपुर की...

More Articles Like This