कोरबा में ट्रक ड्राइवर से लूटपाट का प्रयास:विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला,10 टांके आए,बदमाशों पर हत्या के प्रयास का केस

Must Read

कोरबा। कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक कोयला लोड ट्रक चालक पर जानलेवा हमला किया गया। लूटपाट का विरोध करने पर दो युवकों ने चालक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा से लैंको अडानी पावर प्लांट की ओर जा रहा कोयला लोड ट्रक तकनीकी खराबी के कारण इमलीडुग्गु मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान दो युवक ट्रक चालक जयप्रकाश के पास पहुंचे और उससे मोबाइल फोन, नकदी की मांग करने लगे।

विरोध करने पर शुरू की मारपीट

चालक जयप्रकाश ने मोबाइल और पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख चालक वहां से भागने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया।

कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घर में घुसकर बचाई जान

हमले के बाद खून से लथपथ चालक अपनी जान बचाने के लिए पास के एक मकान में घुस गया। घर के लोगों ने शोर मचाया तो हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा पहुंचाया।

सिर में 8 और पैर में 2 टांके

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, चालक के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण आठ टांके लगाने पड़े। वहीं पैर में आई चोट के लिए दो टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूटपाट के प्रयास और हत्या की कोशिश की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हमले में प्रयुक्त हथियार की भी तलाश जारी है।

- Advertisement -
Latest News

तीन दशक से अपराध की दुनिया में सक्रिय रज्जाक अली पर जिला बदर की तैयारी, NSA के तहत भी हो सकती है कार्रवाई

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किए गए आदतन अपराधी और गुंडा बदमाश रज्जाक अली के खिलाफ...

More Articles Like This