रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सुशासन सरकार में निवेश को लेकर बड़ी उपलब्धि सामने आई है। कृषिमंत्री राम विचार नेताम ने जानकारी दी है कि जापान और कोरिया की 6 अग्रणी कंपनियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की गहरी रुचि दिखाई है। ये कंपनियां राज्य में फूड प्रोसेसिंग, स्किल डेवलपमेंट, पर्यावरण संरक्षण, इलेक्ट्रॉनिक्स और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश करने की इच्छुक हैं। मंत्री नेताम ने बताया कि इस निवेश से न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। खासकर, फूड प्रोसेसिंग उद्योग और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण से किसानों और युवाओं दोनों को लाभ मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक संसाधनों और कृषि उत्पादन की प्रचुरता है। फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में निवेश से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और राज्य से बाहर तक निर्यात की संभावनाएं बढ़ेंगी। वहीं, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से राज्य हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ेगा। मंत्री ने यह भी बताया कि स्किल डेवलपमेंट और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण क्षेत्र में सहयोग से युवाओं को उच्च स्तर का प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे प्रदेश की मानव संसाधन क्षमता और भी मजबूत होगी।
सरकार का मानना है कि जापान और कोरिया की कंपनियों के निवेश से छत्तीसगढ़ को नई तकनीक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। यह न केवल औद्योगिक विकास को गति देगा बल्कि राज्य को निवेशकों की पहली पसंद के रूप में स्थापित करेगा। प्रदेश सरकार ने आश्वासन दिया है कि निवेश करने वाली कंपनियों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा और उन्हें एकल खिड़की प्रणाली के तहत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।















