कोरबा ब्रेकिंग: CCTV में कैद ज्वेलर्स में लूट की कोशिश, दुकानदार की बहादुरी से नाकाम हुए लुटेरे,देखिए विडिओ

Must Read

कटघोरा/कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी गांव स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में दिनदहाड़े लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बदमाशों की पूरी करतूत साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक युवती दुकान के भीतर दाखिल हुई। उसके कुछ ही पल बाद दो युवक भी दुकान में पहुंचे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक एक आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर दुकानदार को डराने की कोशिश की। हालांकि, दुकानदार ने घबराने के बजाय अद्भुत साहस दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। छीना-झपटी के दौरान उसने आरोपी के हाथ से देसी कट्टा छीन लिया।

दुकानदार के साहसिक प्रतिरोध से घबराए तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। भागने की जल्दबाजी में वे अपनी मोटरसाइकिल और देसी कट्टा भी घटनास्थल पर छोड़ गए। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस अहम साक्ष्य के रूप में खंगाल रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, बरामद बाइक, देसी कट्टा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पूरे जिले में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।

इस घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है। वहीं, ज्वेलर्स संचालक की बहादुरी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। यदि उस समय दुकानदार साहस नहीं दिखाता, तो यह वारदात कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी की अपील

घटना के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जिले के सभी दुकानदारों से महत्वपूर्ण अपील की है कि हर दुकान में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाएं और चेहरे पर नकाब या कपड़ा बांधकर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को बिना पहचान के दुकान के अंदर प्रवेश न दें।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई अपराध होता दिखाई दे या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। यदि सुरक्षित हो तो वीडियो बनाकर पुलिस की जांच में सहयोग करें। अपराध पर अंकुश लगाने में पुलिस के साथ-साथ आम जनता की सतर्कता भी बेहद जरूरी है।

JB News Korba Chhattisgarh | Manish Jaiswal

- Advertisement -
Latest News

सेवा सेतु – आसान सेवाएं, सशक्त नागरिक

समय पर मिला निवास प्रमाण पत्र, मोहित राम की पुत्री के शैक्षणिक कार्यों को मिली गतित्वरित और पारदर्शी सेवा...

More Articles Like This