अंबिकापुर। प्रेस का नाम और पहचान का दुरुपयोग कर शराब की तस्करी करने वाले गिरोह का पुलिस व आबकारी विभाग ने पर्दाफाश किया है। मध्य प्रदेश से लग्जरी कार में भरकर लाई जा रही करीब ₹1 लाख कीमत की अवैध शराब को अंबिकापुर के समीप घेराबंदी कर जप्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, तस्कर लग्जरी कार पर प्रेस लिखवाकर बेखौफ होकर शराब की तस्करी कर रहे थे। जांच के दौरान कार सवार लोगों ने खुद को मीडिया से जुड़ा बताते हुए पहले अधिकारियों को धमकाने और दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन आबकारी अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए वाहन की तलाशी ली। तलाशी में कार से मध्य प्रदेश से लाई गई 15 पेटी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान लड्डू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पहले शराब दुकान में काम करता था, लेकिन हटाए जाने के बाद उसने अवैध शराब तस्करी को ही कमाई का जरिया बना लिया। मीडिया की आड़ लेकर वह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से शराब लाकर छत्तीसगढ़ में बेच रहा था।
फिलहाल पुलिस व आबकारी विभाग ने शराब जप्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्रेस की साख को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।















