कोरबा। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आज कोरबा में सुभाष चौक निहारिका में पूर्व सैनिक संघ द्वारा कार्यक्रम का आयोजन कर देश के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। दीप प्रज्वलन कर पुष्प अर्पित किए गए और दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को याद किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कारगिल युद्ध को देश का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्भुत शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए कारगिल में विजय प्राप्त की, जिसे इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में याद किया जाएगा।
कलेक्टर वसंत ने हाल ही में संपन्न ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना हर समय देश की सुरक्षा में तत्पर है। उन्होंने कहा कि हम सब शांति चाहते हैं, लेकिन इसके लिए सशक्त होना आवश्यक है। देश की शक्ति उसके नागरिकों, किसानों और जवानों में निहित है।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संघ के पदाधिकारी मुकेश अदवालेखा, दीपक सिंह, एनसीसी के राजेन्द्र सिंह, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, पार्षदगण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में गायक संदीप शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे माहौल देशप्रेम से सराबोर हो गया।















