रायपुर। दिल्ली में NEET पेपर लीक और विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर तक पहुंच गया। बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। शंकर नगर क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने और वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
दोनों दलों ने निकाला विरोध मार्च
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन की ओर मार्च निकाला। दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेताओं के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। दोनों पक्षों के एक-दूसरे के करीब पहुंचने से मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
नारेबाजी और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही दोनों राजनीतिक दलों के कार्यालयों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर बैरिकेडिंग की थी। इसके बावजूद प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख आंसू गैस के गोले छोड़े गए और वाटर कैनन से पानी की बौछार कर भीड़ को पीछे हटाया गया।
भाजपा ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
घटनाक्रम के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रधानमंत्री के खिलाफ किए गए प्रदर्शन को अनुचित बताया। वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने भी कांग्रेस पर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।
बिलासपुर में भी हुआ विरोध प्रदर्शन
इधर, बिलासपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और पार्टी नेताओं की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से निकली पदयात्रा नेहरू चौक पहुंची, जहां प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया, जिसके विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन जारी रहेगा।















