AICTE अनुमोदित Working Professionals पाठ्यक्रम को उच्च शिक्षा गाइडलाइन में शामिल करने CMD से अनुरोध
बिलासपुर/अंबिकापुर। SECL के सुरगुजा, बिश्रामपुर एवं भटगांव क्षेत्रों में कार्यरत गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को नौकरी के साथ उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देने की मांग उठी है। इस संबंध में वी. एम. मनोहरन ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को पत्र भेजकर AICTE अनुमोदित B.Tech./M.Tech. (Working Professionals) पाठ्यक्रम को SECL की उच्च शिक्षा संबंधी गाइडलाइन्स में शामिल करने तथा पात्र कर्मचारियों को NOC प्रदान करने की मांग की है।

पत्र में SECL के पत्र क्रमांक SECL/BSP/HR/NEE/2026/35 दिनांक 05 मार्च 2026 का संदर्भ देते हुए बताया गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (GEC), अंबिकापुर में AICTE अनुमोदित B.Tech./M.Tech. (Working Professionals) पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों को कार्य के साथ उच्च तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर प्रदान करता है।
पत्र के अनुसार यह कार्यक्रम AICTE के प्रावधानों एवं Revised Guidelines 2024 के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। इसकी कक्षाएं Regular Mode (Evening) में ऑफलाइन आयोजित होती हैं और यह Distance Learning अथवा Open Learning पाठ्यक्रम नहीं है। कक्षाएं शाम 4:05 बजे से रात 9:35 बजे तक संचालित होने के कारण कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी प्रभावित नहीं होती।
Executives को NOC, Non-Executives को क्यों नहीं?
वी. एम. मनोहरन ने पत्र में प्रमुख मुद्दा उठाते हुए कहा है कि इसी AICTE अनुमोदित Working Professionals पाठ्यक्रम के लिए SECL में कार्यरत अधिकारियों (Executives) को NOC प्रदान किया जा चुका है, जबकि गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को वर्तमान गाइडलाइन्स में पाठ्यक्रम का स्पष्ट उल्लेख नहीं होने का हवाला देकर NOC नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने मांग की है कि एक ही संस्था में समान AICTE अनुमोदित पाठ्यक्रम के लिए Executive और Non-Executive कर्मचारियों के बीच शैक्षणिक अवसरों में अंतर समाप्त किया जाना चाहिए।
अन्य कोयला कंपनियों का भी दिया उदाहरण
पत्र में Coal India की अन्य सहायक कंपनियों WCL, CCL, BCCL एवं ECL का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वहां कर्मचारियों को Regular Evening/Weekend Mode में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए NOC दिए जाने की व्यवस्था है। ऐसे में SECL के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को भी समान अवसर दिया जाना चाहिए।
SECL की गाइडलाइन में शामिल करने की मांग
पत्र के माध्यम से SECL प्रबंधन से AICTE अनुमोदित B.Tech./M.Tech. (Working Professionals) पाठ्यक्रम को Higher Education Guidelines में शामिल करने, पात्र गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को ऐसे Regular Evening/Weekend पाठ्यक्रमों के लिए NOC देने की अनुमति प्रदान करने तथा क्षेत्रीय एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है।
इसके साथ ही SECL और GEC अंबिकापुर के बीच MoU अथवा अन्य उपयुक्त शैक्षणिक व्यवस्था की संभावनाओं पर विचार करने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि SECL कर्मचारी नौकरी के साथ उच्च तकनीकी शिक्षा हासिल कर सकें।
पत्र में कहा गया है कि कार्यकारी एवं गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना कर्मचारी विकास, कौशल उन्नयन और व्यावसायिक प्रगति की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। साथ ही यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के Continuing Education के उद्देश्यों के अनुरूप भी होगा।
अंत में वी. एम. मनोहरन ने SECL प्रबंधन से मामले का उचित स्तर पर परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि पात्र गैर-कार्यकारी कर्मचारी AICTE अनुमोदित इस उच्च शिक्षा कार्यक्रम से वंचित न रहें।

















