कोरबा में दर्दनाक हादसा : तालाब में डूबे तीन मासूम, गणेश विसर्जन की खुशियां मातम में बदलीं

Must Read

कोरबा। जिले में गणेश उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुलिस लाइन कोरबा में पदस्थ तीन जवानों के बेटे गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूब गए। तीनों मासूमों को आनन-फानन में जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे शहर को गहरे शोक में डुबो दिया है।

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, कोसाबाड़ी से रिसदी मार्ग स्थित तालाब में पुलिस कॉलोनी के बच्चे गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे थे। विसर्जन के बाद कुछ बच्चे तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान तीन मासूम गहराई में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक बाहर निकाला गया, तब तक उनकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान

  • युवराज सिंह (9 वर्ष) पिता रामेश्वर ठाकुर
  • आकाश लकड़ा (13 वर्ष) पिता जलसा लकड़ा
  • प्रिंस जगत (12 वर्ष) पिता अयोध्या जगत

तीनों मासूमों की असमय मौत से पुलिस कॉलोनी और नगरवासियों में गहरा मातम छा गया है।

पुलिस विभाग में शोक की लहर

हादसे की खबर लगते ही पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक तत्काल अस्पताल पहुंचे। शवों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पुलिस परिवार के जवानों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजन बेसुध होकर रो रहे हैं।

एसपी हुए भावुक

तीन जवानों के बच्चों की असमय मौत ने पुलिस अधीक्षक को भी भावुक कर दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी आंखें भर आईं और गला रुंध गया। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

संवेदनशील अपील

इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन और परिजनों ने सभी से अपील की है कि बच्चे किसी भी तालाब, नदी या गहरे जलाशय के पास अकेले न जाएं। विसर्जन या स्नान के दौरान वयस्कों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियां टाली जा सकें।

तीन मासूमों की मौत ने पूरे नगर को झकझोर दिया है। खुशियों का पर्व अचानक मातम में बदल गया और हर आंख नम हो गई।

- Advertisement -
Latest News

🚨 बड़ी खबर | कोटमी सुनार के पास छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और मालगाड़ी एक ही ट्रैक पर आमने-सामने, टला बड़ा हादसा!देखिए विडिओ

✍️ ब्यूरो रिपोर्ट: मनीष जायसवाल | JB News Korba Chhattisgarhकोरबा। कोरबा जिले के कोटमी सुनार के पास उस समय...

More Articles Like This