कोरबा। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बुधवार को कोरबा पुलिस ने निर्मला इंग्लिश स्कूल, पुलिस लाइन तथा निर्मला स्कूल, कोसाबाड़ी में विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में डीएसपी सुश्री ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन का महत्व बताते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता व परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ स्वयं और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज में भी यातायात जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।















