कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत रजगामार चौकी पुलिस ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चलाते हुए ग्राम बुंदेली में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ व सुरक्षित समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
बैठक में ग्रामीणों से कहा गया कि यदि गांव में कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या नशीले पदार्थों का कारोबार होता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान ग्राम कोटवार ने मुनादी कर लोगों को चेतावनी दी कि गांव में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी रजगामार चौकी पुलिस ने इसी गांव में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की थी।
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराध नियंत्रण, नशे के खिलाफ कार्रवाई और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जो आगे भी जारी रहेंगे।















