📍 कोरबा | रामसागर पारा
कोरबा के रामसागर पारा क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात 22 वर्षीय रवि यादव की पुरानी रंजिश के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। रवि यादव डीजे ऑपरेटर का कार्य करता था। घटना में उसका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर रवि यादव और महेंद्र गंगवानी के बीच विवाद हुआ था। मामला थाने तक भी पहुंचा था, लेकिन रविवार रात दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
आरोप है कि महेंद्र गंगवानी, उसके नाबालिग बेटे और अन्य साथियों ने मिलकर रवि यादव पर चाकू, लाठी और ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रवि यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे रवि के दोस्त पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
JB News Korba
सच्ची खबर, सबसे पहले















