कोरबा में 75 लाख की सड़क सप्ताहभर में उखड़ी, कांग्रेस पार्षद दल ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल; निगम ने सुधार के दिए निर्देश,देखिए पुरा विडिओ

Must Read
Advertisement

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल अब निगम प्रशासन के लिए चुनौती बनते नजर आ रहे हैं। राताखार में करीब दो करोड़ रुपये की नाली निर्माण परियोजना पर सवाल उठने के बाद अब वार्ड क्रमांक 12 की वासन नहर गली में लगभग 75 लाख रुपये की लागत से बनी डामरीकरण सड़क विवादों में आ गई है। निर्माण के महज सप्ताहभर से 15 दिन के भीतर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने और गिट्टियां बाहर निकलने की शिकायत सामने आने के बाद विपक्षी कांग्रेस पार्षद दल मौके पर पहुंचा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।

बताया जा रहा है कि वासन नहर गली की सड़क निर्माण का ठेका भवानी कंस्ट्रक्शन को दिया गया था। सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद कई जगह डामर की ऊपरी परत उखड़ने लगी और गिट्टियां बाहर दिखाई देने लगीं। बेमौसम बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब होने की शिकायत के बीच कांग्रेस पार्षद दल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, तकनीकी मानकों और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

सड़क निर्माण की गुणवत्ता देखकर मौके पर पहुंचे कांग्रेस पार्षद

पत्रकारों के माध्यम से सड़क की खराब स्थिति की जानकारी मिलने के बाद विपक्षी कांग्रेस पार्षद दल वार्ड क्रमांक 12 पहुंचा। मौके पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ती और गिट्टियां निकलती दिखाई देने का दावा करते हुए पार्षदों ने कहा कि निर्माण कार्य पूरा हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन सड़क की हालत गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रही है।

कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि सड़क के अलग-अलग हिस्सों में निर्माण की प्रक्रिया भी एक समान नहीं दिखाई दे रही है। कहीं केवल बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) की परत बिछाई गई है, तो कहीं डीबीएम और बीसी दोनों का कार्य हुआ है। पार्षदों ने मांग की कि वार्ड क्रमांक 12 में हुए टारिंग कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और संबंधित ठेकेदार द्वारा अन्य स्थानों पर किए गए सड़क निर्माण कार्यों की भी जांच हो।

कांग्रेस ने उठाए भ्रष्टाचार और निगरानी के सवाल

मौके पर पहुंचे कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जनता के पैसे का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, निर्माण कार्यों की जांच कराने और यदि गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

पार्षदों का कहना था कि सड़क निर्माण के दौरान संबंधित इंजीनियरों की निगरानी कितनी प्रभावी रही और गुणवत्ता परीक्षण कराया गया या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है। उन्होंने वार्ड में हुए अन्य टारिंग कार्यों को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की।

निगम प्रशासन ने शिकायत पर भेजी जांच टीम, ठेकेदार को सुधार के निर्देश

सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिलने के बाद निगम प्रशासन की ओर से जोन कमिश्नर और संबंधित टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई। निगम अधिकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान बताया गया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क निर्माण के कुछ हिस्सों में क्षति हुई है।

अधिकारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित कार्य का भुगतान अभी नहीं हुआ है और ठेकेदार को निर्देशित किया गया है कि क्षतिग्रस्त हिस्से की संरचना उखाड़कर पुनः बिटुमिनस की लेयर डाली जाए। साथ ही निगम प्रशासन की ओर से कहा गया कि नगर निगम में बिना टेंडर कोई कार्य नहीं कराया जाता और निर्माण कार्य नियमानुसार प्रक्रिया के तहत होते हैं।

हालांकि मौके पर ठेकेदार और टेंडर प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी पूछे जाने पर जनप्रतिनिधियों ने इसकी जानकारी संबंधित निगम अधिकारियों से प्राप्त करने की बात कही।

विकास के दावों के बीच गुणवत्ता और जवाबदेही की चुनौती

एक ओर मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय शहर में विकास एवं व्यवस्था सुधारने के प्रयासों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्यों में सामने आ रही कथित खामियां गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।

अब वासन नहर गली की सड़क का तकनीकी परीक्षण, क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण और गुणवत्ता की जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। यदि निर्माण में गड़बड़ी प्रमाणित होती है, तो नियमानुसार सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि जनता की मेहनत की कमाई से खर्च होने वाली सरकारी राशि का सही उपयोग हो सके।

रिपोर्ट: मनीष जायसवाल | JB News Korba

- Advertisement -
Latest News

कोरबा में अनोखा विरोध! मांगों को लेकर दंडवत करते कलेक्ट्रेट पहुंचे जटराज के ग्रामीण

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ विस्थापित ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया...

More Articles Like This