कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के जमनीपाली स्थित प्राथमिक स्कूल के बाउंड्रीवॉल निर्माण स्थल से ताला तोड़कर लोहे की रॉड और कटर मशीन चोरी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पेटी ठेकेदार तिहारू राम अगरिया ने थाना दर्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अगस्त 2026 की शाम प्राथमिक स्कूल जमनीपाली में बाउंड्रीवॉल निर्माण का काम पूरा करने के बाद कमरे में सीमेंट, लोहे की रॉड और मशीनरी रखकर ताला बंद किया गया था। 22 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे पहुंचने पर कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर रखे औजार व लोहे की रॉड गायब थी।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही संतोष जायसवाल (49 वर्ष), निवासी जमनीपाली बस्ती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपने साथी आकाश कंवर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बॉश कंपनी की एक कटर मशीन, चार लोहे के कॉलम, दो बंडल लोहे की रॉड तथा 8, 10 और 12 एमएम की कटपीस रॉड बरामद की। बरामद लोहे की रॉड का कुल वजन करीब 4 क्विंटल और अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक गिरफ्तारी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सूचना दी। अपराध गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में फरार सह-आरोपी आकाश कंवर की तलाश जारी है।
Must Read
- Advertisement -

















