कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर तीन मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रतीक अग्रवाल, निवासी साडा कॉलोनी जमनीपाली, अपने घर पर प्रगति टेलीकॉम नाम से मोबाइल दुकान संचालित करते हैं। 29 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला।
दुकान के अंदर जांच करने पर तीन मोबाइल फोन और करीब 7 हजार रुपये नकद गायब मिले। अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना दर्री में अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को थाना बुलाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके बताए अनुसार चोरी किए गए तीन पुराने इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन, कीमत करीब 20 हजार रुपये, बरामद कर पुलिस ने जब्त किए।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को विधिवत निरुद्ध किया तथा इसकी सूचना उसके परिजन को दी। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

















