दीपावली पर सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई कोरबा पुलिस, व्यापारियों को दिए विशेष निर्देश

Must Read

सीसीटीवी, पैनिक अलार्म और सुरक्षित परिवहन पर जोर, लूट एवं उठाईगिरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने पुलिस ने की बैठक

कोरबा। दीपावली पर्व को देखते हुए कोरबा पुलिस ने सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच लूट, चोरी एवं उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने सराफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर सुरक्षा के विशेष दिशा-निर्देश दिए।

हाल ही में सराफा दुकानों, बैंक परिसरों एवं नकदी परिवहन के दौरान सामने आई लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्री प्रेमचंद साहू ने शहर के सराफा एवं ज्वेलरी दुकान संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

सीसीटीवी और पैनिक अलार्म लगाने के निर्देश

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं और उन्हें हमेशा चालू रखें। कम से कम दो कैमरे ऐसे स्थानों पर लगाए जाएं, जिनसे दुकान के बाहर पार्किंग क्षेत्र और मुख्य सड़क पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए पैनिक अलार्म एवं आपातकालीन घंटी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

दुकान खोलने और बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा सोने-चांदी के आभूषणों एवं नकदी को मजबूत तिजोरी में सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।

सोना-चांदी और नकदी के परिवहन में बरतें सावधानी

पुलिस ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि कीमती आभूषणों एवं नकदी का परिवहन करते समय अकेले या दोपहिया वाहन से असुरक्षित तरीके से जाने से बचें। परिवहन के लिए हमेशा एक ही मार्ग, समय और साधन का इस्तेमाल न करें। दुकान से आभूषणों एवं नकदी की पैकिंग शटर बंद करके करें तथा बाहर निकलने से पहले आसपास की गतिविधियों का निरीक्षण अवश्य करें।

इसके अलावा प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों की पहचान, मोबाइल नंबर एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने और जरूरत के अनुसार पुलिस वेरिफिकेशन करवाने की भी सलाह दी गई।

संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल दें सूचना

पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि दुकान या प्रतिष्ठान के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, नकाबपोश व्यक्ति अथवा असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें।

कोरबा पुलिस की अपील – सतर्कता ही सुरक्षा की पहली कड़ी

कोरबा पुलिस ने दीपावली के दौरान सभी सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि व्यापारियों की सतर्कता, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय से आपराधिक घटनाओं की रोकथाम की जा सकती है।

कोरबा पुलिस का संदेश है कि सुरक्षित कारोबार और अपराधमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ-साथ व्यापारियों की जागरूकता भी बेहद जरूरी है।

JB News Korba | मनीष जायसवाल

- Advertisement -
Latest News

SECL के विस्थापित परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत, मॉडल पुनर्वास ग्राम के रूप में विकसित होंगे बसाहट स्थल, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

कोरबा, 30 अक्टूबर 2026। एसईसीएल की कोयला खदानों के विस्तार से प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास को लेकर...

More Articles Like This