विदेशी नौकरी का झांसा देकर म्यांमार के ‘KK Park’ में बनाया बंधक, साइबर ठगी कराने वाली महिला गिरफ्तार

Must Read

कोरबा। विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर युवती को म्यांमार के कुख्यात ‘KK Park’ में बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने वाले गिरोह का कोरबा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष), निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना दर्री क्षेत्र की एक युवती ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में करीब 30 हजार थाई भाट प्रतिमाह वेतन देने का प्रलोभन दिया गया था। युवती ने विज्ञापन में दिए गए संपर्क के माध्यम से बातचीत की, जिसके बाद आरोपी महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे नौकरी दिलाने के नाम पर बेंगलुरु बुलाया।

इसके बाद युवती को फ्लाइट से थाईलैंड ले जाया गया और वहां से अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पार कराकर म्यांमार के ‘KK Park’ पहुंचा दिया गया। वहां पहुंचते ही उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बना लिया गया। युवती को प्रताड़ित करते हुए फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।

भारतीय दूतावास की मदद से सुरक्षित लौटी पीड़िता

पीड़िता को भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से सुरक्षित भारत वापस लाया गया। भारत लौटने के बाद पीड़िता ने थाना दर्री में पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2), 146 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान मामले में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

कोरबा पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह के डिजिटल और वित्तीय नेटवर्क को खंगाला जा रहा है, ताकि विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवाओं को साइबर अपराध में धकेलने वाले पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के आकर्षक विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। नौकरी के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति या एजेंसी को पासपोर्ट और व्यक्तिगत दस्तावेज न सौंपें। किसी भी विदेशी नौकरी के प्रस्ताव की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही आगे बढ़ें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी, फर्जी नौकरी के प्रस्तावों और सोशल मीडिया फ्रॉड के विरुद्ध जागरूकता एवं सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

- Advertisement -
Latest News

SECL के विस्थापित परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत, मॉडल पुनर्वास ग्राम के रूप में विकसित होंगे बसाहट स्थल, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

कोरबा, 30 अक्टूबर 2026। एसईसीएल की कोयला खदानों के विस्तार से प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास को लेकर...

More Articles Like This