पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी, ऑनलाइन ठगी और आकर्षक ऑफर के झांसे से बचें, अफवाहों पर न दें ध्यान
कटघोरा। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने क्षेत्रवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। इसे आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।
थाना प्रभारी ने पटाखे और आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और ज्वलनशील वस्तुओं के आसपास आतिशबाजी करने से बचें। त्योहार के दौरान वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा शराब पीकर वाहन न चलाएं।
उन्होंने दीपावली के दौरान बढ़ने वाली ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को लेकर भी नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, मोबाइल संदेश या अनजान फोन कॉल के माध्यम से मिलने वाले आकर्षक ऑफर, भारी छूट, इनाम और उपहार के प्रलोभन में आकर अपनी निजी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने और बिना सत्यापन के किसी को ऑनलाइन पैसे भेजने से बचें। किसी भी तरह के लालच या जल्दबाजी में आकर साइबर ठगी का शिकार न बनें।
सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों और अफवाहों को लेकर भी उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि के किसी भी संदेश या सूचना को आगे साझा न करें। क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय स्थिति सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि त्योहार की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर व्यक्ति सुरक्षित रहे और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।















