कोरबा: दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध,देखिए विडिओ

Must Read

कोरबा। जिले के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े राह चलती महिलाओं से पर्स लूटने की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक साहू को गिरफ्तार किया है, वहीं उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 3 और 4 नवंबर 2026 को मोटरसाइकिल से महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम दिया था।

कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास पहली वारदात

पहली घटना 3 नवंबर को शाम करीब 4:07 बजे की है। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने पंचनुमा हथियार दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनके हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।

सेंट जेवियर्स स्कूल जा रही महिला का भी पर्स लूटा

दूसरी घटना 4 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

पूछताछ में दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकारा

लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी दीपक साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए हैं, जबकि खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था।

मोबाइल और करीब 6 हजार रुपये बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक घटना में लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा दोनों मामलों में कुल करीब 6,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त किया गया।

पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी: दीपक साहू पिता अमर लाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।

कोरबा पुलिस की अपील: राह चलते समय अपने पर्स, मोबाइल और कीमती सामान के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

कोरबा पुलिस – सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।

- Advertisement -
Latest News

रामपुर विधानसभा में भाजपा का बौद्धिक संवाद कार्यक्रम संपन्न, SIR सहित समसामयिक विषयों पर हुई चर्चा,देखिए विडिओ

वरिष्ठ भाजपा नेताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने लोकतंत्र, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों पर रखे विचार कोरबा। भारतीय...

More Articles Like This