प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने ग्राम पंचायत गिरारी के ग्राम गीतकुंवारी में कार्यक्रम आयोजित

Must Read

कोरबा।  प्राकृतिक खेती योजना अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा ग्राम पंचायत गिरारी के आश्रित ग्राम गीतकुंवारी, विकासखंड कोरबा में किसानों के लिए प्राकृतिक खेती संबंधी प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को रासायनिक कृषि पर निर्भरता कम करते हुए प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बीआरसी महिला समूह द्वारा प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाली विभिन्न जैविक सामग्रियों जैसे जीवामृत, नीमास्त्र एवं बीजामृत तैयार करने की विधि की जानकारी दी गई तथा तैयार सामग्री का किसानों के बीच वितरण भी किया गया। किसानों को इन सामग्रियों के उपयोग एवं प्राकृतिक खेती में इनके महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर किसानों के खेतों से मृदा नमूने लेकर कराए गए मृदा परीक्षण की स्वाइल हेल्थ कार्ड रिपोर्ट का भी वितरण किया गया। किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित एवं आवश्यक पोषक तत्वों के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ कृषि लागत को कम किया जा सके।

ग्राम पंचायत गिरारी के सरपंच श्री दर्शन राठिया द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती में उपयोगी आवश्यक सामग्री, जिसमें ड्रम आदि शामिल हैं, का वितरण किया गया। वहीं सीआरपी द्वारा प्राकृतिक खेती की तकनीकों, जैविक घोलों की तैयारी एवं उनके खेतों में उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र कटघोरा के वैज्ञानिक श्री महिपाल उर्रे, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री आर.एस. मरावी तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री सज्जाद मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में किसान एवं महिला समूह की सदस्य उपस्थित रहीं।

कृषि विभाग द्वारा किसानों से प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने, उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने तथा मिट्टी की सेहत को बनाए रखते हुए कम लागत, सुरक्षित एवं टिकाऊ कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।

- Advertisement -
Latest News

परिवार से दूर हुए बुजुर्गों के लिए उम्मीद बना प्रशांति वृद्धाश्रम, कोरबा में सम्मान के साथ कट रही जिंदगी की सांझ

कोरबा का प्रशांति वृद्धाश्रम उन बुजुर्गों के लिए सहारे की जगह बना हुआ है, जिनसे जिंदगी के किसी मोड़...

More Articles Like This