केरा हसदेव नदी पुल पर चक्का जाम करने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 8 नामजद सहित 25–30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Must Read

जांजगीर-चाम्पा,30 जनवरी । जांजगीर-चाम्पा जिले में कानून व्यवस्था बाधित करने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चक्का जाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम केरा में हसदेव नदी पुल के पास आवागमन अवरुद्ध कर चक्का जाम करने वाले लोगों के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2026 को थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम मोहतरा के निवासियों द्वारा गांव में भारी मात्रा में राखड़ डंपिंग किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राखड़ उड़ने से क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने केरा रोड स्थित हसदेव नदी पुल के पास सड़क को चारों ओर से घेरकर बैठते हुए आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया और चक्का जाम कर दिया।

चक्का जाम के दौरान राहगीरों और वाहनों को आने-जाने से रोका गया, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना नवागढ़ पुलिस ने मौके की स्थिति का संज्ञान लेते हुए चक्का जाम करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की।

इस मामले में थाना नवागढ़ में ग्राम मोहतरा एवं केरा निवासी 8 लोगों को नामजद करते हुए तथा अन्य 25 से 30 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शीघ्र ही आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग कर आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisement -
Latest News

कोरबा ब्रेकिंग: उमस भरी गर्मी का ‘टॉर्चर’, बूंदाबांदी ने बढ़ाई बेचैनी; राहत की उम्मीद…

कोरबा।  औद्योगिक नगरी कोरबा में मौसम के मिजाज ने लोगों को बेहाल कर रखा है। पिछले कुछ दिनों से...

More Articles Like This