कोरबा, 13 मार्च 2026।
नगर पालिक निगम कोरबा ने आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई जनकल्याणकारी पहल ‘मेयर की पाती’ शुरू की है। निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने इस व्यवस्था का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत पानी, बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का समाधान अब 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत साकेत भवन के प्रवेश द्वार पर नीले, पीले और हरे रंग के तीन लेटर बॉक्स लगाए गए हैं। नागरिक इन बॉक्स में अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र डाल सकेंगे। नीले रंग के बॉक्स में पेयजल से जुड़ी समस्याएं, पीले रंग के बॉक्स में स्ट्रीट लाइट व विद्युत संबंधी शिकायतें, जबकि हरे रंग के बॉक्स में साफ-सफाई से संबंधित समस्याओं के आवेदन डाले जाएंगे।

निगम प्रशासन के अनुसार लेटर बॉक्स में डाले गए शिकायत पत्रों को तुरंत निकालकर कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित प्रभारी अधिकारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा। शिकायत मिलते ही अधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे और 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

यदि किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में समस्या का निराकरण नहीं हो पाता है तो संबंधित प्रभारी अधिकारी को इसका ठोस कारण बताते हुए निगम आयुक्त को प्रतिवेदन देना होगा और यह बताना होगा कि समस्या का समाधान कब तक किया जाएगा। इस व्यवस्था से शहरवासियों को पानी, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित समाधान मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सभापति रामनारायण सोनी, एमआईसी सदस्य अजय गोंड़, पार्षद पंकज देवांगन, अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, रितेश सिंह, प्रभारी संपदा अधिकारी सचिन तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक सचीनद्र थाईवत, गिरवर विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
















