कोरबा (छत्तीसगढ़), 26 मार्च 2026
जिले में चल रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वाशिंग मशीन बरामद की है। हालांकि पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24-25 मार्च की दरमियानी रात को कोतवाली पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन गश्त की जा रही थी।
रात्रि करीब 2:45 बजे बायपास रोड से सर्वमंगला बस स्टैंड की ओर गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को पीठ पर वाशिंग मशीन ले जाते हुए देखा। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर युवक मशीन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
पुलिस ने मौके से वाशिंग मशीन जब्त कर थाना लाया। जांच के दौरान राताखार निवासी राजू पटेल ने बताया कि उसके घर से देर रात हायर कंपनी की वाशिंग मशीन (कीमत करीब 15 हजार रुपये) और पड़ोसी के घर से सैमसंग मोबाइल (कीमत करीब 10 हजार रुपये) चोरी हो गया था। बरामद मशीन को उसने अपनी बताया।
इस मामले में कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 283/26 के तहत धारा 321(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
Must Read
- Advertisement -















