कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया है, जिसमें एक कर्मचारी ने लाखों रुपये के गबन को छुपाने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ दी।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली कोरबा में दर्ज मामले में प्रार्थी वरुण नायर (38), निवासी उरगा ने शिकायत की थी कि 3 अप्रैल 2026 की सुबह सीतामणी गौ माता चौक, मेन रोड कोरबा के पास उनके कर्मचारी के साथ लूट की घटना हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान कर्मचारी प्रियंशु देवांगन (निवासी जांजगीर) ने पुलिस के सामने सच कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि लूट की घटना पूरी तरह मनगढ़ंत थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने करीब 4.50 लाख रुपये की राशि का स्वयं गबन किया था और उसी को छुपाने के लिए झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह रकम बीमा नवीनीकरण के लिए उसे सौंपी गई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Must Read
- Advertisement -















