कोरबा। भाजपा जिला कार्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कांग्रेस पर मुद्दों से भटकने और अनर्गल आरोप लगाने का आरोप लगाया।
मंत्री देवांगन ने कहा कि कांग्रेस के पास जब जनहित के मुद्दों पर कहने के लिए कुछ नहीं बचता, तो वह अब उनके 35 वर्ष पूर्व दिवंगत पिता के खिलाफ भी आरोप लगाने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की हताशा और गिरती राजनीतिक स्तर का प्रमाण है।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार एवं प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा संतोषी दीवान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर अपनी “संकीर्ण और महिला-विरोधी मानसिकता” उजागर की है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर मातृशक्ति के अधिकारों के साथ अन्याय किया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र प्रथम और राष्ट्र सेवा के भाव से कार्य करती है तथा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि आम महिलाओं को राजनीति में अवसर मिले।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को लोकतंत्र के लिए “नासूर” बताते हुए कहा कि यह दल राजनीति को कुछ परिवारों तक सीमित रखना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही सदन में संख्या बल के अभाव में विधेयक पारित नहीं हो सका हो, लेकिन पार्टी जनता के बीच जाकर कांग्रेस की सोच को उजागर करती रहेगी और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।















