जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव,केंद्र एवं राज्य सरकार पर साधा निशाना

Must Read

कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव अपने दो दिवसीय कोरबा प्रवास के दूसरे दिन पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे। यहां उनका कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। निवास पर आयोजित अहम बैठक में सिंहदेव ने संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीतियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रहें और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं, तभी संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत होगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान सिंहदेव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की आम जनता महंगाई से त्रस्त है। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार इस दिशा में ठोस पहल करने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कोरबा के पावर प्लांट में स्थानीय युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने पर चिंता जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। साथ ही कहा कि क्षेत्र के विधायक और मंत्री को इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए। सिंहदेव ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस संगठन में जल्द ही लंबित नियुक्तियां पूरी की जाएंगी, जिससे पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।

बैठक के दौरान स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी गहन मंथन किया गया। सिंहदेव के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला और इसे संगठन को धार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में झीरम घाटी में शहीद कांग्रेस नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

- Advertisement -
Latest News

विशेष ग्राम सभाओं में विकास की प्राथमिकताओं पर हुआ मंथन, जनभागीदारी से गांवों के समग्र विकास का संकल्प

कोरबा,05 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में...

More Articles Like This