कोरबा, 25 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के तहत नगर पालिक निगम कोरबा के सर्वमंगला नगर जोन अंतर्गत विकास नगर में सातवां और अंतिम शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं गांव-गांव और गली-गली जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनका निराकरण करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है, वहीं राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंच रही है और वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
शिविर में महापौर संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों और पार्षदों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंत्री ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और काउंटरों का निरीक्षण भी किया।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में लगाए जा रहे शिविरों से बीते 10 वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान हो रहा है। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और इसके लिए उद्योग मंत्री लगातार फंड उपलब्ध करा रहे हैं।
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि सुशासन तिहार जनता को बेहतर प्रशासन देने का संकल्प है, जबकि वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है और बिचौलिया प्रथा समाप्त हो गई है।
इस दौरान आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम और सर्वमंगला नगर जोन की उपलब्धियों पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक 5 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से 54 विकास कार्य स्वीकृत किए गए, जिनमें 28 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मां सर्वमंगला मंदिर परिसर को प्लास्टिक फ्री जोन बनाया गया है तथा कई स्थानों को कचरा मुक्त कर सजाया-संवारा गया है।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई, वहीं राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में निगम अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही।
सुशासन तिहार 2026 : विकास नगर शिविर में पहुंचे उद्योग मंत्री, बोले – मुख्यमंत्री गांव-गांव जाकर सुन रहे जनता की समस्याएं
Must Read
- Advertisement -















