कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज, टीपी नगर कोरबा में भाजपा जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को “बेमिसाल” बताते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन ने मुख्य वाचन प्रस्तुत करते हुए मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जून माह में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी रखी गई।

कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, जोगेश लांबा, मीना शर्मा, पूर्व विधायक रामदयाल उईके तथा जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।
बैठक में 31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को बूथ स्तर पर अधिकतम संख्या में सुनने का विशेष आह्वान किया गया। इसके साथ ही जून माह में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, विकसित भारत संकल्प अभियान, प्राकृतिक खेती कार्यशाला तथा योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष आयोजन कर योग, सेवा और संकल्प का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस को जिला, मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच पहुंचकर भाजपा की विचारधारा तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।
बैठक में जिले के पदाधिकारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य, मंडल प्रभारी एवं सह प्रभारी, मंडल अध्यक्ष-महामंत्री, मोर्चा जिलाध्यक्ष-महामंत्री, प्रकोष्ठ संयोजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















