कोरबा। जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही कोरबा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है तथा आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को रामनगर निवासी प्रकाश सिंह ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र प्रदीप दास शाम करीब 6:40 बजे मोहल्ले में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ईश्वर बंजारे वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने पास रखे धारदार कटरनुमा हथियार से प्रदीप दास पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी आरोपी द्वारा मारपीट की गई, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 493/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश्वर बंजारे (21 वर्ष) निवासी रामनगर, कोरबा को 6 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में विस्तृत जांच जारी है तथा आरोपी से अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















