कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित मटन मार्केट के समीप सुलभ शौचालय में कार्यरत कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल कर्मचारी का उपचार बालको अस्पताल में जारी है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, परसाभाठा निवासी विनय कुमार सिंह (49 वर्ष) सुलभ शौचालय में कार्यरत हैं। 13 जुलाई 2026 की रात लगभग 3 बजे ड्यूटी के दौरान परसाभाठा निवासी राज नामक युवक वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद के बाद विनय कुमार सिंह पर चाकू से लगातार तीन वार कर दिए। हमले में विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल बालको अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान राज, निवासी परसाभाठा के रूप में हुई है। घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
Must Read
Latest News
मानिकपुर खदान विस्तार पर बड़ा सवाल! पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का बड़ा बयान, बोले—पहले भू-विस्थापितों के लंबित हक का हो समाधान,देखिए विडिओ
कोरबा। मानिकपुर ओपन कास्ट कोयला परियोजना के विस्तार को लेकर एक बार फिर भू-विस्थापितों के लंबित अधिकारों का मुद्दा...

















