कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरबा में देशभक्ति और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिला। रॉयल एनफील्ड कैलाश ऑटो एजेंसी के नेतृत्व में 80 से अधिक रॉयल राइडर्स ने ‘आजादी की राइडÓ के तहत कोरबा से चैतुरगढ़ तक 90 किलोमीटर से अधिक की साहसिक यात्रा पूरी की। राइड की खासियत यह रही कि इसमें 15 से अधिक महिला राइडर्स ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
15 अगस्त को रॉयल एनफील्ड कैलाश ऑटो एजेंसी, कोरबा से शुरू हुई राइड दीपका और पाली होते हुए चैतुरगढ़ पहाड़ पहुंची। राइड की कमान कैलाश ऑटो एजेंसी के डायरेक्टर आलोक दिवाटे ने संभाली। रास्तेभर राइडर्स ने देशभक्ति के जज्बे के साथ यात्रा का आनंद लिया। चैतुरगढ़ पहुंचने के बाद राइडर्स ने पहाड़ की चढ़ाई कर मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से दोपहर के भोजन का आनंद लिया। आयोजन के दौरान राइडर्स को उपहार प्रदान किए गए तथा सेव-बूंदी का प्रसाद वितरित कर राइड का समापन किया गया। महिला राइडर्स की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। 15 से अधिक महिलाओं का बुलेट पर सवार होकर लंबी दूरी की राइड में शामिल होना महिलाओं के आत्मविश्वास, साहस और स्वावलंबन का प्रेरक संदेश भी रहा। आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस को रोमांच, एकजुटता और देशभक्ति के रंग में यादगार बना दिया।
















