कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई में एक आरोपी गौरव नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुड़ापार, कोरबा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी कौवा उर्फ फैजान पहले से एक अन्य मारपीट के मामले में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है।
सुनसान जगहों पर खड़ी बाइक को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही हैंडल लॉक तोड़कर बाइक चोरी कर लेते थे। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, साथी कौवा उर्फ फैजान मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल को स्टार्ट करता था और दोनों बाइक लेकर फरार हो जाते थे।
कोरबा और रायगढ़ में चोरी की 5 बाइक का खुलासा
पुलिस कार्रवाई में बरामद मोटरसाइकिलों में—
- 01 मोटरसाइकिल मानिकपुर क्षेत्र से चोरी
- 02 मोटरसाइकिल कोतवाली क्षेत्र से चोरी
- 01 मोटरसाइकिल उरगा क्षेत्र से चोरी
- 01 मोटरसाइकिल कोतवाली, रायगढ़ क्षेत्र से चोरी
इस तरह कोरबा और रायगढ़ जिले में चोरी की गई कुल 05 मोटरसाइकिलों का खुलासा करते हुए उन्हें बरामद किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी गौरव नायक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं उसके साथी कौवा उर्फ फैजान के संबंध में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चोरी की अन्य घटनाओं, संभावित अन्य आरोपियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में आगे पूछताछ कर रही है।
कोरबा पुलिस: “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।”
📢 JB News Korba की ऐसी ही स्थानीय और बड़ी खबरों के लिए चैनल को Subscribe करें, खबर को Like करें और अपनी राय Comment में जरूर बताएं।
















