कोरबा/करतला:छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ कोरबा के जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार राजू खत्री का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से कोरबा जिले सहित समूचे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्व. राजू खत्री लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वे प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘नई दुनिया’ से जुड़कर लंबे वर्षों से निष्पक्ष और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता कर रहे थे। पत्रकारिता के साथ-साथ उन्होंने संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे लगभग 5 वर्षों तक छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ करतला के ब्लॉक अध्यक्ष रहे और वर्तमान में संघ के जिला उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे।
अपने मिलनसार, कर्मठ और सरल स्वभाव के कारण वे पत्रकार साथियों व आमजनों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके निधन को पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया है।
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, कोरबा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई है।

















