साइबर चौपाल में साइबर सुरक्षा का संदेश, एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया रक्तदान

Must Read

कोरबा। आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने और मानव सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से कोरबा नगर निगम सभागार में साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है और जरूरत के समय किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में यह अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने नागरिकों, युवाओं और पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने भी रक्तदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के इस पहल से शिविर में मौजूद पुलिसकर्मियों और नागरिकों में उत्साह देखने को मिला।

साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

साइबर चौपाल के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां बताई गईं। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करने तथा फर्जी कॉल और डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के माध्यम से कोरबा पुलिस ने नागरिकों को संदेश दिया कि साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय है। वहीं रक्तदान शिविर के जरिए पुलिस ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक सरोकार एवं मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Latest News

गांधी जयंती पर चरण दास महंत का सरकार पर तीखा हमला, बोले—जनता के पैसे का लाभ हर व्यक्ति को मिलना चाहिए,देखिए विडिओ

कोरबा। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण...

More Articles Like This