कोरबा। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर पुलिस ने क्षेत्र के गुंडा बदमाश एवं आदतन अपराधी पंकज शर्मा (31 वर्ष), निवासी अमरैयापारा, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार भी जब्त किया है।
धारदार हथियार से लोगों को डरा रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज शर्मा द्वारा धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया था। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 934/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार जब्त किया। इसकी कुल लंबाई लगभग 13 इंच बताई गई है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला बदर का प्रकरण भी न्यायालय में लंबित
पुलिस के मुताबिक, पंकज शर्मा क्षेत्र का आदतन अपराधी एवं गुंडा बदमाश है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जो वर्तमान में लंबित है।

बाउंड ओवर की शर्तों का भी किया उल्लंघन
आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। उस दौरान उसे भविष्य में शांति एवं सदाचार बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए बाउंड ओवर किया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने बॉन्ड की शर्तों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया है। पुलिस द्वारा जमा बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस – सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।
📺 JB News Korba | मनीष जायसवाल
कोरबा और छत्तीसगढ़ की हर छोटी-बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए JB News Korba को सब्सक्राइब, लाइक, कमेंट और शेयर जरूर करें।















