कोरबा। सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को परेशान करने और धमकी देने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को बलौदाबाजार जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से एक महिला तथा उसके परिजनों को लगातार अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश और फोटो भेजकर प्रताड़ित करने का आरोप है। इतना ही नहीं, आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा घर से निकाले जाने के बाद उसका पति व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उसे तथा उसके परिजनों को अश्लील संदेश और फोटो भेजकर सार्वजनिक रूप से अपमानित कर रहा था। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 704/2026 के तहत धारा 79, 296 बीएनएस एवं धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बलौदाबाजार में दी दबिश
मामले की गंभीरता और आईटी एक्ट की धाराओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम विवेचना की जिम्मेदारी सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र, थाना सिविल लाइन की टीम को सौंपी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव, सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों की सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के ग्राम खोरसीनाला, पनगांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे कोरबा लाया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया। मोबाइल में मामले से संबंधित व्हाट्सएप चैट और इंस्टाग्राम संदेशों के स्क्रीनशॉट मिले हैं।
24 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्थेश्वर रात्रे पिता मनाराम रात्रे, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम खोरसीनाला पनगांव, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
महिलाओं को डिजिटल माध्यम से प्रताड़ित करने वालों को कोरबा पुलिस की चेतावनी
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल माध्यमों से अश्लील संदेश भेजने, किसी की छवि धूमिल करने अथवा धमकी देकर प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में पीड़िता की पहचान और निजता पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।















