कोरबा। कोरबा में गुलाम मोहम्मद के खिलाफ कथित झूठी एवं भ्रामक शिकायत को लेकर रवि साहू, दीपक साहू और राजेश साहू ने पुलिस अधीक्षक से जांच की मांग की है। 20 अगस्त 2026 को दिए गए आवेदन में शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि 18 अगस्त को उनके खिलाफ अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी का लोहा खपाने और सिंडिकेट चलाने जैसे आरोप लगाए गए, जिन्हें उन्होंने पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शिकायत के जरिए पुलिस प्रशासन और शासन की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर कथित रूप से अनुचित दबाव बनाने और अवैध वसूली/ब्लैकमेलिंग की नीयत से शिकायत का सहारा लिया जा रहा है। आवेदन में पूर्व में शिकायत और उसके सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

इसी बीच ₹1 लाख की कथित मांग को लेकर एक ऑडियो वायरल होने का दावा भी सामने आया है, जिसमें रवि साहू और गुलाम मोहम्मद के बीच कथित बातचीत बताई जा रही है। रवि साहू ने अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया है कि उनसे पैसों की मांग की जा रही थी और उन्हें परेशान किया जा रहा था। इस संबंध में उनके द्वारा बिलासपुर IG को लिखित शिकायत दिए जाने की बात भी कही गई है।

मामले को लेकर रवि साहू की बाइट भी सामने आई है, जिसमें उन्होंने अपनी बात रखी है। हालांकि वायरल ऑडियो में लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और ऑडियो की वास्तविकता तथा उसमें कही गई बातों की सत्यता जांच का विषय है।

वहीं, मामले में गुलाम मोहम्मद का विस्तृत पक्ष अभी सामने आना बाकी है। JB News Korba ने उनसे फोन पर बातचीत की है और उनका पक्ष भी जल्द सामने लाने की बात कही है, ताकि मामले को दोनों पक्षों की बात के साथ निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत किया जा सके।
तीनों शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच तथा शिकायत फर्जी पाए जाने की स्थिति में कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है।
अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मनिष जायसवाल | JB News Korba
















