कोरबा/कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में मंगलवार को दिनदहाड़े डकैती का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, तीन के आसपास बदमाश दुकान में घुसे और संचालक राजकुमार अग्रवाल के साथ छीना-झपटी की।
बताया जा रहा है कि बदमाशों के हाथ केवल आर्टिफिशियल ज्वेलरी ही लग सकी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जिले के विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
जेबी न्यूज़, कोरबा















