रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम छर्रा टांगर में हाथियों को भगाने के दौरान कुछ बच्चों और ग्रामीणों की लापरवाही सामने आई है। हाथियों पर पत्थर फेंकने और पटाखे जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तेज आवाज और पत्थरबाजी से घबराए हाथी बेकाबू होकर इधर-उधर दौड़ने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दो हाथी छाल रेंज की ओर से घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के छर्रा टांगर गांव पहुंच गए थे। हाथियों के खेतों में पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। इसी दौरान कुछ बच्चों ने हाथियों पर पत्थर फेंके और उन्हें भगाने के लिए पटाखे भी फोड़े, जिससे हाथी घबरा गए और तेजी से भागने लगे।
वन विभाग ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है। विभाग का कहना है कि जंगली जानवरों को इस तरह उकसाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
इससे पहले भी घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार जंगल में कुछ युवकों ने रील बनाने के लिए हाथी पर पत्थर फेंका था। जैसे ही हाथी उनकी ओर दौड़ा, सभी युवक जान बचाकर भाग निकले। उस घटना के बाद भी वन विभाग ने लोगों को ऐसी हरकतों से बचने की चेतावनी दी थी।
वन विभाग के अनुसार, रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल में वर्तमान में 162 हाथियों की मौजूदगी है। इनमें 44 नर, 87 मादा और 31 शावक शामिल हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उनके पास जाने, शोर मचाने या उन्हें परेशान करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।















