ओम हाइट्स के सूने मकान में चोरी, सीसीटीवी और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच में जुटी पुलिस

Must Read

रायगढ़, 27 जून। शहर के थाना चक्रधरनगर क्षेत्र स्थित ओम हाइट्स अपार्टमेंट में एक सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार ओम हाइट्स के मकान नंबर 301 में रेशम उद्योग विभाग से सेवानिवृत्त राकेश श्रीवास्तव निवास करते हैं। वे पिछले वर्ष अक्टूबर माह से अपनी पत्नी के साथ उपचार के लिए मुंबई गए हुए हैं। उनकी अनुपस्थिति में मकान की एक चाबी घरेलू सहायिका चंद्रकांति देवांगन के पास थी, जो समय-समय पर घर की साफ-सफाई के लिए आती थी।

शनिवार सुबह जब चंद्रकांति देवांगन घर पहुंची और मकान खोला तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गई। घर की आलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, वहीं डॉग स्क्वॉड की मदद से संभावित सुराग तलाशे गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मकान मालिक के रायगढ़ लौटने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घर से कौन-कौन सी वस्तुएं अथवा कितनी संपत्ति चोरी हुई है। फिलहाल घरेलू सहायिका की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध नकबजनी का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। चोरी गई संपत्ति का विस्तृत विवरण मकान मालिक और उनके परिजनों से पूछताछ के बाद सामने आएगा।

- Advertisement -
Latest News

बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की मौत…ट्रेलर ने मारी टक्कर…मरकाटोला घाट पर हुआ एक्सीडेंट,देखिए विडिओ

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के...

More Articles Like This