कटघोरा पुलिस की सख्ती: होटल, लॉज और ढाबों में सघन चेकिंग, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी

Must Read

कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस अनुविभाग में होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने कटघोरा, पाली और पासान थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।


पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नितीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रमुख प्रतिष्ठानों की जांच की।


चेकिंग के दौरान कटघोरा-अंबिकापुर रोड स्थित पंजाबी ढाबा, बिलासपुर रोड स्थित गगन होटल और काके ढाबा सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच में कहीं भी अवैध शराब बिक्री या पिलाने की गतिविधि नहीं पाई गई। सभी संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।


वहीं, थाना पसान क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग के दौरान होटल और ढाबा संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने लिखित नोटिस जारी कर स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहराने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की गई है।


उल्लेखनीय है कि पूर्व में तानाखार क्षेत्र के कंचन ढाबा को नियम उल्लंघन के चलते सील किया जा चुका है, जिससे पुलिस की सख्ती का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।

- Advertisement -
Latest News

सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान: साइबर अपराधों पर लगाम के लिए पुलिस का जागरूकता अभियान तेज

कोरबा। जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा...

More Articles Like This