कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी और थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए चोरी की स्कूटी और अन्य सामान बरामद किया है। मामलों में दो प्रकरणों में विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी क्षेत्र के एक स्कूटी चोरी मामले की जांच के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद कर दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वहीं थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में दर्ज एक अन्य स्कूटी चोरी के मामले में भी दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी की गई स्कूटी (CG 12 AY 5376) बरामद कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया।

इसके अलावा गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी के मामले में पुलिस ने दिलचंद आदिले (23 वर्ष) निवासी अटल आवास, खम्हरिया को गिरफ्तार किया। आरोपी ने घर के पीछे रखे गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।















