बंद मकान में चोरी का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी निकला शामिल, चोरी का साउंड बॉक्स बरामद

Must Read

सक्ती। सक्ती थाना पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सोनी कंपनी का साउंड बॉक्स बरामद कर लिया है, जबकि चोरी की गई नकदी आरोपियों द्वारा खर्च कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 18 स्टेशन पारा निवासी नीरज अग्रवाल ने 15 जुलाई को थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह 5 जुलाई को परिवार सहित नासिक एवं ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए गए थे। 13 जुलाई को लौटने पर घर के भीतर के दरवाजे बंद मिले। छत के रास्ते अंदर जाने पर छत का दरवाजा टूटा हुआ मिला। जांच करने पर दुकान के गल्ले से करीब 3,500 रुपये नकद और सोनी कंपनी का साउंड बॉक्स (कीमत लगभग 5,500 रुपये) चोरी होना पाया गया। कुल चोरी की गई संपत्ति की कीमत करीब 9,000 रुपये थी।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में 9 जुलाई की रात करीब 1:50 बजे एक युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक की पहचान की। पूछताछ में उसने अपने साथियों दीपक सतनामी, विक्की यादव उर्फ रक्षा यादव और खगेश कुमार यादव उर्फ खोरू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते घर में प्रवेश कर नकदी और साउंड बॉक्स चोरी किया था। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर खगेश कुमार यादव के कब्जे से चोरी गया साउंड बॉक्स बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने दीपक सतनामी (20 वर्ष), विक्की यादव उर्फ रक्षा यादव (21 वर्ष) और खगेश कुमार यादव उर्फ खोरू (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड, जांजगीर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पूजा यादव, सउनि सुरेश पाठक, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन तथा थाना सक्ती के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

- Advertisement -
Latest News

बालकोनगर में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा उत्सव में उमड़े श्रद्धालु

रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर में हुई भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र की स्थापनाबालकोनगर। भगवान जगन्नाथ की...

More Articles Like This